साप्ताहिक समीक्षा बैठक: पेयजल, विद्युत व संपर्क पोर्टल की मॉनिटरिंग पर विशेष जोर

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संपर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संपर्क पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति सुचारू, नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाए तथा जिन क्षेत्रों में जल संकट की संभावना है, वहां पूर्व तैयारी कर वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ने के कारण किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ट्रिपिंग या फॉल्ट की स्थिति में त्वरित समाधान किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सके। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!