निवाई (लालचंद माली): भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के जयपुर से कोटा जाते समय निवाई में भव्य स्वागत किया गया। हालांकि, इस स्वागत कार्यक्रम ने उत्साह से ज्यादा पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी खींचतान को जगजाहिर कर दिया।
*तीन अलग-अलग गुटों में बंटे कार्यकर्ता*
प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत के लिए कार्यकर्ता एकजुट होने के बजाय अलग-अलग धड़ों में बंटे नजर आए।
* पहला गुट: भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह जयसिंहपुरा के नेतृत्व में जयसिंहपुरा मोड़ पर राठौड़ का जोरदार स्वागत किया गया।
* दूसरा गुट: मोटूका में नटवाड़ा मंडल अध्यक्ष बद्री विजय के नेतृत्व में अलग से स्वागत कार्यक्रम रखा गया।
* तीसरा गुट: राज कैफे के बाहर भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा और पूर्व पालिकाध्यक्ष दिलीप इसरानी के नेतृत्व में स्वागत हुआ, लेकिन यहाँ कार्यकर्ताओं की संख्या महज 27 से 30 के बीच सिमटकर रह गई।
*देरी से नाराजगी और आपसी तकरार*
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अपने निर्धारित समय से करीब 3 घंटे की देरी से पहुंचे। इस लंबी प्रतीक्षा के कारण कई कार्यकर्ता नाराज होकर बिना मिले ही लौट गए। जो कार्यकर्ता वहां मौजूद थे, वे एक-दूसरे की कमियां गिनाने और कोसने में व्यस्त दिखे। स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर कार्यकर्ताओं का यह असंतोष आने वाले समय में पार्टी के लिए चुनौती बन सकता है। इस मौके पर विधायक रामसहाय वर्मा, पालिकाध्यक्ष दिलीप ईसारानी, मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, परसराम कुमावत, जयनारायण पारीक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।