अप्रेल से चलेगा तीन माह तक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर व जिला सड़क सुरक्षा समिति अध्यक्ष संदेश नायक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। 
जिला कलक्टर ने कहा कि जयपुर राजस्थान की राजधानी होने के साथ-साथ सांस्कृतिक व ऐतिहासिक नगरी होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से सम्पूर्ण विश्व में महत्त्वपूर्ण है। जयपुर में आने वाले देशी-विदेशी सैलानियों के साथ-साथ यहाँ के नागरिकों की सुरक्षा हम सभी के लिए महत्त्वपूर्ण है और जयपुर के यातायात को सुगम, सरल, बाधा व दुर्घटना रहित बनाना हम सब की जिम्मेदारी है। 
*यादगार से सांगानेर तक बनेगा आदर्श पथ*
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशानुरूप यादगार अजमेरी गेट से सांगानेर तक टोंक रोड़ को आदर्श यातायात के लिए सुगम व दुर्घटनारहित पथ बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित सड़क सुरक्षा व यातायात संबंधी अन्य एजेंसियाँ कार्य करेंगी। उन्होंने उक्त सड़क को आदर्श पथ बनाने के लिए वहाँ की जनता से सहयोग की अपील भी की है।
*त्रैमासिक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में ये कार्य होंगें*
जिला कलक्टर ने बताया कि अप्रेल माह से तीन माह तक सड़़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इस दौरान शहर की सड़कों की मरम्मत, सीवरेज मेनहॉल को ठीक करना, साइनेज लगाना, जेब्रा-क्रॉसिंग को ढंग से पुतवाने, डिवाइडर सही करवाने, ट्रैफिक लाइट्स को ठीक करवाने, सड़क के मध्य बनी सफेद लाइन को पुनः पुतवाने, पैदल यात्रियों को सड़क पार करने की सुविधा प्रदान करने, आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ ऑवरलोडेड वाहनों के चालान सहित ट्रेफिक सिग्नल तोड़ने, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने, हेलमेट नहीं लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही भी की जायेगी।

*विद्यालयों में देंगे यातायात नियमों की जानकारी* 

जिला कलक्टर ने कहा कि अभियान के तहत विद्यालयों में अध्ययन करने वाले हमारे भावी नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी निःशुल्क प्रदान की जायेगी। उन्हें ट्रैफिक लाइट्स के नियमों, सड़क कब और कैसे पार करें और सड़क दुर्घटनाओं से कैसे बचें, इसके बारे में उन्हें व्यापक जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। 
*ब्लेक स्पॉट्स का हो समाधान*
जिला कलक्टर ने कहा कि ब्लेक स्पॉट्स सुगम व दुर्घटना रहित यातायात में मुख्य बाधा हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर के 88 ब्लेक स्पॉट्स में से 34 में स्थाई सुधारात्मक कार्य प्रगतिरत है, वहीं 53 में सुधारात्मक कार्य करवाये जा चुके हैं। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर दक्षिण युगान्तर शर्मा, आरटीओ द्वितीय धर्मेन्द्र, सदस्य सचिव जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ग्रामीण यातायात व पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व सड़क सुरक्षा से जुड़ी अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!