महिला कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: महिला आरक्षण विधेयक 2023 को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग को लेकर बीकानेर में राजनीतिक पारा गरमा गया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं प्रदेश अध्यक्ष सारिका के निर्देशानुसार जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अम्बेडकर सर्किल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से महिला कांग्रेस ने संसद में पारित कानून को धरातल पर न उतारने के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राठौड़ ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस महिला आरक्षण विधेयक को वर्ष 2023 में ही संसद द्वारा पारित किया जा चुका है, उसे लागू करने में जानबूझकर देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी घिनौनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन का बहाना बनाकर इस स्वीकृत अधिनियम की धज्जियां उड़ा रही है। राठौड़ ने स्पष्ट शब्दों में मांग की कि केंद्र सरकार को महिला आरक्षण विधेयक 2023 के प्रावधानों के अनुरूप वर्तमान सीटों पर ही तत्काल 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करना चाहिए, ताकि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!