झुंझुनूं में कई बड़े विकास प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में: दाधीच

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने अपने झुंझुनूं दौरे के दौरान हरियाणा से यमुना का पानी झुंझुनूं सहित शेखावाटी में लाने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार झुंझुनूं के समग्र विकास के लिए गंभीरता से काम कर रही है और कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। मीडिया से बातचीत में दाधीच ने बताया कि जिले के विकास से जुड़े प्रमुख प्रोजेक्ट्स की डीपीआर तैयार हो चुकी है और शीघ्र ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल्द शिलान्यास करेंगे। इससे पहले रोड नंबर तीन पर शाकंभरी कुंज में दाधीच का श्री गोपाल गौशाला के अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया तथा मंत्री प्रदीप पाटोदिया की अगुवाई में स्वागत किया गया। इस मौके पर श्री गोपाल गौशाला के पूर्व मंत्री नेमी अग्रवाल, रघुनाथ पोद्दार, कर्मचारी नेता रामगोपाल शर्मा, भाजपा नेता पुरूषोत्तम खाजपुरिया आदि मौजूद थे। इस मौके पर दाधीच ने खास तौर पर यमुना जल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना की डीपीआर भी तैयार हो चुकी है। दाधीच ने बताया कि झुंझुनूं तक यमुना का पानी लाने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं शिलान्यास करेंगे और इस परियोजना का शुभारंभ 2028 से पहले कर दिया जाएगा। दाधीच ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और झुंझुनूं में लगातार नए कार्य और योजनाएं लाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जिले के लिए एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं, जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झुंझुनूं में विकास की नई तस्वीर देखने को मिलेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!