जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के संबंध में दिया प्रशिक्षण

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: जनगणना कार्य निदेशालय राजस्थान द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों के संबंध में जयपुर जिले के समस्त जनगणना अधिकारी व उपखण्ड अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी व तहसीलदारों का एक दिवसीय प्रशिक्षण गुरूवार को राजस्थान के जनगणना विभाग के निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी विष्णुचरण मलिक की अध्यक्षता में व प्रमुख जनगणना अधिकारी व जिला कलक्टर संदेश नायक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ।
मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के कार्य में उपखण्ड जनगणना अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी व चार्ज जनगणना अधिकारी व तहसीलदारों की जनगणना में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसकी गुणवत्ता सीधे-सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाले व्यक्ति से जुड़ी होती है। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना आधुनिक एवं पूर्णतः डिजिटल रूप में सम्पन्न की जाएगी, जिससे डेटा की शुद्धता, पारदर्शिता एवं त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित होगा। मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना के प्रथम चरण में 1 से 15 मई 2026 तक आयोजित होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों के स्व-गणना के कार्य को सभी राजकीय अधिकारी एवं कर्मचारी को पूर्ण गंभीरता व निष्ठा से करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों व आमजन को भी स्वगणना हेतु प्रेरित करने के लिए कहा है। उन्होंने चार्ज जनगणना अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपखण्ड के सुपरवाइजर्स व प्रगणकों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करें। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग प्रणाली सीएमएमएस पॉर्टल के माध्यम से जनगणना के कार्यों की मॉनिटरिंग करने हेतु निर्देशित किया। जनगणना के कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी उन्होंने दिए हैं। प्रमुख जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे राष्ट्रहित में जनगणना के कार्य की महत्ता को देखते हुए सभी प्रगणक व सुपरवाइजर्स को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दें एवं स्वयं भी प्रशिक्षण में व फील्ड कार्य के समय फील्ड में जाकर प्रगणक व सुपरवाइजर के कार्यों की जांच करें। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 में उनके वैधानिक क्षेत्र की अनुमानित जनसंख्या 35.54 लाख है, जनगणना कार्य में कुल 38 चार्ज अधिकारी हैं। जिसमें 20 तहसीलदार, 2 नगर परिषद आयुक्त व 16 अधिशाषी अधिकारी नियुक्त हैं। यहाँ 5277 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में 4817 प्रगणक एवं 780 सुपरवाईजर द्वारा 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। प्रशिक्षण में स्व-गणना व फील्ड कार्य की समयावधि की जानकारी जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान के संयुक्त निदेशक पुनित मेहरोत्रा ने दी। इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय संजय माथुर, सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक बाबूलाल मीणा सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी व तहसीलदार उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!