निवाई (लालचंद माली): श्री बद्री विशाल धाम नाटेश्वर नगरी नटवाड़ा में 19 अप्रेल को श्री बद्रीनाथ धाम प्रबंध एवं विकास समिति ट्रस्ट नटवाड़ा के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री बद्रीनाथ अक्षय तृतीया महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसके सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियाँ जोर-शोर पर की जा रही है। समिति द्वारा मेले को भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। महोत्सव का आयोजन 19 अप्रैल से प्रारंभ होकर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम में प्रात:कालीन पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण, कथा-वाचन, संकीर्तन, प्रसाद वितरण एवं सायंकालीन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रसिद्ध संतों एवं कलाकारों द्वारा भक्ति रस की प्रस्तुतियां दी जाएगी। ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल, रोशनी, सुरक्षा एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। महामंत्री घनश्याम गुप्ता ने बताया कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं व्यवस्थापन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कोषाध्यक्ष भंवर लाल जाट ने बताया कि मेले के संचालन हेतु सभी वित्तीय एवं संसाधन व्यवस्थाएं सुचारु रूप से पूर्ण कर ली गई हैं। मेला समिति अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर प्रात: 3 बजे दण्डवत यात्रा, 4 बजे अभिषेक एवं पूजन, 4:15 बजे अलौकिक श्रृंगार व दिव्य दर्शन, 8:15 बजे ध्वजा धारण, 8:30 बजे नव संवत्सर शगुन व उसके पश्चात प्रसाद वितरण, दोपहर 3 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ, शाम 6 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन होगा एवं सायं 7 बजे महाआरती के पश्चात विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन संध्या में गायक राजू खण्डेलवाल, अंजली चिराग व गौ ऋषि संत प्रकाशदास भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। 20 अप्रैल को आखा तीज मेले का आयोजन होगा। जिसमें महामंडलेश्वर बालकानंद महाराज, संत मनीषदास महाराज, दिनेशदास नागा महाराज सहित कई संत व श्रद्धालु भाग लेंगे। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष बद्री विजय, मंत्री बबलेश वर्मा व प्रचार प्रभारी रामदेव प्रजापत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण करके आवश्य दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा को समिति के पदाधिकारियों द्वारा आमंत्रित किया गया। नटवाड़ा प्रशासक कैलाशी देवी द्वारा भी मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। ट्रस्ट समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में सहभागिता निभाने एवं धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
3/related/default