झुंझुनूं को मिला नया 'कप्तान': IPS कावेंद्र सिंह सागर ने संभाली कमान, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान सरकार द्वारा पुलिस महकमे में किए गए हालिया फेरबदल के बाद, 2015 बैच के अनुभवी IPS अधिकारी कावेंद्र सिंह सागर ने शनिवार सुबह 10:15 बजे झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं—जिले में शांति, सुरक्षा और अपराधियों पर कड़ा प्रहार। शनिवार सुबह जब नवागत एसपी जिला पुलिस कार्यालय पहुँचे, तो वहाँ मौजूद आला अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। एएसपी देवेन्द्र सिंह राजावत, सीओ सिटी गोपाल सिंह ढाका, सीओ ग्रामीण हरि सिंह घायल और शहर कोतवाल श्रवण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुँचने पर श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ.डीएन तुलस्यान एवं सीए पवन केडिया ने माल्यार्पण कर और राधाकृष्ण का प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें उज्जवल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हरियाणा बॉर्डर पर चौकसी के साथ ही अवैध तस्करी और अवांछित तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए हरियाणा सीमा पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करे और रिस्पांस टाइम कम हो सके। आगामी चुनावों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी कावेंद्र सिंह सागर के पास पुलिसिंग का व्यापक अनुभव है। BA ऑनर्स और MIB (मास्टर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस) की शिक्षा प्राप्त सागर इससे पहले बीकानेर में SP रह चुके हैं। इसके अलावा वे जयपुर में विभिन्न क्षेत्रों के DCP, कोटा ग्रामीण और बांसवाड़ा में SP के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। झुंझुनूं जिले के लिए यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पिछले ढाई साल में जिले ने 8 पुलिस कप्तान बदले हैं। महज 4 दिन के कार्यकाल (ज्ञानचंद यादव) जैसे उदाहरणों के बीच, जिले की जनता को उम्मीद है कि कावेंद्र सिंह सागर के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन को स्थायित्व मिलेगा और कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!