जयपुर: जयपुर व्यापार महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल में सुभाष गोयल (अध्यक्ष), सुरेश सैनी (महामंत्री), साइबर क्राइम शांतनु कुमार भी बैठक में उपस्थित थे। जयपुर व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बाजारों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस-व्यापारिक समन्वय समिति गठित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और अभय कमांड में जोड़ने की बात कही। उन्होंने साइबर अवेयरनेस प्रोग्राम चालू करने की भी घोषणा की, जिसमें व्यापारी मंडलों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। डीआईजी शांतनु कुमार ने कहा कि वे इस कार्य में जयपुर व्यापार महासंघ के साथ रहेंगे।
पुलिस महानिदेशक ने डीसीपी नॉर्थ को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करें और व्यापारियों की एक बैठक आयोजित करें। इस बैठक में नगर निगम के अधिकारी, सीओ नगर निगम, ट्रैफिक डीसीपी और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना है, जिसमें पार्किंग, यातायात और ई-रिक्शा की समस्याएँ शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक ने डीसीपी को निर्देश दिए कि बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए गश्त और हथियारधारी जवानों की तैनाती की जाए और रोड मैप तैयार किया जाए।