बीकानेर/जोधपुर: भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के अंतर्गत प्रांत स्तरीय वक्ता कार्यशाला का जोधपुर में गरिमामय समापन हुआ।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल के मार्गदर्शन तथा विधायक सिद्धि कुमारी, जेठानंद व्यास और जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के निर्देशन में जोधपुर स्थित लघु उद्योग भारती कार्यालय में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी के इतिहास, अंत्योदय की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यशैली पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा से अवगत कराया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय प्रशिक्षण समिति सदस्य राजकुमार शर्मा, प्रदेश मंत्री आइदान सिंह भाटी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता, आईटी सेल के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी और विजय आचार्य सहित अन्य वक्ताओं ने प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित किया। जिला महामंत्री श्याम सिंह हाडला ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान स्वरूप तक के सफर और राष्ट्र निर्माण में पार्टी के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। जिला महामंत्री राजेंद्र पंवार ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रभावी वक्तृत्व कला और संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं राजकुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की मजबूती उसके प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से सुदृढ़ कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। इस प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य ऐसे वक्ताओं की टीम तैयार करना है, जो बूथ स्तर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के मूल सिद्धांतों को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रख सकें। जोधपुर में आयोजित इस समापन सत्र में बीकानेर संभाग सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों और चयनित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के अंत में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। जिला उपाध्यक्ष दीपक पारीक ने बताया कि बीकानेर से विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, जिला महामंत्री श्याम सिंह हाडला व राजेंद्र पंवार, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत व दीपक पारीक, जिला मंत्री किशन चौधरी, सुमन शेखावत, सुनीता हटीला, धर्मेंद्र सिंह, जिला प्रवक्ता जोगेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद सुधा आचार्य, रमजान अब्बासी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक भाटी, प्रमिला गौतम (महिला मोर्चा), तरुण शर्मा, मोतीलाल हर्ष सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।