झुंझुनूं में इन्द्रदेव की रिमझिम फुहारों के बीच निकली गणगौर की शाही सवारी

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शेखावाटी की माटी में रची-बसी लोक आस्था और उत्सवों की अटूट परंपरा 'गणगौर' इस बार झुंझुनूं में ऐतिहासिक वैभव के साथ संपन्न हुई। श्री गोपाल गौशाला के तत्वाधान में शनिवार को निकाली गई गणगौर माता की शाही सवारी न केवल धार्मिक श्रद्धा का केंद्र बनी, बल्कि राजस्थान की जीवंत लोक कलाओं का एक भव्य मंच भी साबित हुई। खास बात यह रही कि इस बार इन्द्रदेव ने भी अपनी रिमझिम फुहारों से गणगौर माता का स्वागत किया, जिससे उत्सव का उत्साह दोगुना हो गया।

*कलेक्टर ने किया विधि-विधान से पूजन*

शाही सवारी का शुभारंभ श्री गोपाल गौशाला से हुआ, जहाँ जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने पंडित दीनदयाल शुक्ला के आचार्यत्व में गणगौर माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद माता की सवारी शहर के मुख्य मार्गों के लिए रवाना हुई।

*शाही लवाजमा और जयपुर के कलाकारों का जादू*

सवारी को 'शाही' स्वरूप देने के लिए जयपुर से आई 'हरजी राणा एंड पार्टी' के कलाकारों ने समां बांध दिया। मार्ग में जगह-जगह नृत्यांगनाओं द्वारा प्रस्तुत घूमर और कालबेलिया नृत्य ने राहगीरों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सवारी में सजे-धजे ऊंट, घोड़े, पारंपरिक बैंड-बाजे, डीजे और राजस्थानी वेशभूषा में 'छत्तर' लिए कलाकारों का दल राजा-महाराजाओं के दौर की भव्यता को जीवंत कर रहा था। वीरता का प्रतीक कच्छी घोड़ी नृत्य मुख्य आकर्षण रहा।

*जगह-जगह हुआ पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत*

* छावनी बाजार: श्री गल्ला व्यापार संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने माता की आरती की। यहां अतिथियों में भामाशाह विश्वनाथ टीबड़ा, ताराचंद गुप्ता भौडकीवाला, कैलाश चंद्र सिंघानिया, किशोरी लाल टीबड़ा, रामरतन राणासरिया, रमेश गाडिया एवं महेश शर्मा बसावतिया आदि उपस्थित थे। सभी अतिथियों का स्वागत श्री गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष नितेश बंका, मंत्री रामावतार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, उपमंत्री अंकित चुड़ैलावाला, राजेश टेकडीवाल, प्रवीण सराफ सहित अन्य व्यापारियों ने माल्यार्पण के साथ दुपट्टा औढाकर किया। श्री गल्ला व्यापार संघ की ओर से छावनी बाजार में शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई।

* चूना चौक: इंद्रा पार्क के सामने चूना चौक विकास समिति के पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर सवारी का भव्य स्वागत किया। यहां शिवचरण पुरोहित, महेश शर्मा बसावतिया, कमल कान्त शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, शरद शर्मा सहित अन्य जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कपड़ा बाजार में नारायण प्रसाद जालान की दुकान के सामने सवारी की पूजा अर्चना की गई एवं शीतल पेय व्यवस्था भी की गई।

* भक्ति और उल्लास का रूट चार्ट: सवारी झुंझुनूं एकेडमी, लावरेश्वर महादेव मंदिर और श्याम मंदिर होते हुए गुजरी। शाम को छावनी बाजार में विशेष महाआरती हुई। इसके बाद जोशियों का गट्टा, गुदड़ी बाजार और कपड़ा बाजार होते हुए सवारी समस तालाब पहुँची, जहाँ विसर्जन की रस्म के साथ 16 दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ।

*इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति*

कार्यक्रम को सफल बनाने में गौशाला अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया, संयोजक नारायण प्रसाद जालान, डॉ.डीएन तुलस्यान, नेमी अग्रवाल, आनंद टीबड़ा, विपिन राणासरिया, प्रदीप मोदी, अशोक केडिया, और प्रमोद टीबड़ा सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों का विशेष सहयोग रहा। गणगौर की शाही सवारी के साथ सीओ सिटी गोपाल सिंह ढाका एवं शहर कोतवाल श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!