राज्यमंत्री गौतम कुमार दक ने किया ग्राम प्रागपुरा में सहकार सुपर बाजार (मार्ट) का उद्घाटन

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूटली–बहरोड़ (सुनील दत्त शर्मा): सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग, राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने गुरुवार को उपखण्ड पावटा में ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड, प्रागपुरा द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सहकार सुपर बाजार (मार्ट) का उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ व स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के निर्देशन व मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने "सहकार से समृद्धि" के तहत सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, सहकारी आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वरा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ हर पंचायत में सहकारी समिति स्थापित करने और गांव-गांव को सहकारी आंदोलन का केंद्र बनाने के लिए नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इस नई नीति का मकसद है, सहकारी संस्थाओं को मजबूत करना, गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और लोगों को नए रोजगार देना। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पूंजी नहीं है लेकिन मेहनत करना चाहते हैं, उनके लिए सहकारिता ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा की सहकारिता के क्षेत्र में पारदर्शिता हेतु डिजिटलाइजेशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, प्रत्येक किसान साथी को इससे जुड़कर इसका लाभ लेना चाहिए। इस दौरान मंत्री गौतम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा आम जनता तक पहुंचे इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सहकार मार्ट सहकारिता के 'एक सबके लिए, सब एक लिए' की अवधारणा को सिद्ध करता है। उन्होंने इसे किसानों की समृद्धि और सहकारी आंदोलन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसान के सर्वागीण विकास हेतु संकल्पित है, इसी दिशा में कार्य करते हुए किसान साथियों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रागपुरा सहकारी समिति के लिए 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम एवं समिति को जल्द हार्वेस्ट उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ ने कहा कि सहकार मार्ट के संचालन से क्षेत्र के आमजन को उचित दर पर दैनिक उपभोग की सामग्री प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सहकारिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा विराटनगर विधानसभा सहित जिले भर में उन्नतिशील कार्य किए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों की विभिन्न मांगों एवं प्रस्तावों को मंत्री जी के समक्ष रखते हुए सरकार द्वारा इन्हें जल्द पूर्ण करवाने का आश्वासन भी दिया। अध्यक्ष ग्राम सेवा सहकारी समिति प्रागपुरा उपेंद्र सिंह शेखावत ने मंत्री महोदय का सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए विधायक विराटनगर का सहकार मार्ट हेतु विधायक निधि कोश से 15 लाख की सहायता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। बताया कि प्रागपुरा सहकारी समिति में 3500 से अधिक सदस्य हैं, 1547 सदस्यों को समिति द्वारा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न ब्याज मुक्त ऋण योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा चुका है, जिसकी राशि 4 करोड़ 90 लाख है। समिति उचित व सस्ती दरों पर खाद, दवाई, बीज, कीटनाशक उपलब्ध करवा रही है। किसानों को सस्ती दरों पर कृषि यंत्र उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इसी वर्ष कस्टम हायरिंग सिस्टम भी संचालित किया गया है। समिति की पास इफ्को की सहायता से खेतों में दवा छिड़काव हेतु ड्रोन भी उपलब्ध है। इस दौरान मंगलदास महाराज, जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश बादलीवाल एवं जनप्रतिनिधि आरती सिंह, मुकेश गोयल, उपेन यादव सहित एसडीएम पावटा साधना शर्मा, सहकारिता अधिकारी अशोक दीप पिंगोलिया व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!