निवाई (लालचंद माली): स्वच्छ शहर ही स्वस्थता का प्रमाण होता है। इसी सोच को मध्य नजर रखते हुए नगर पालिका द्वारा संपूर्ण शहर में सफाई व्यवस्था की जा रही है। शहर की स्वच्छता को लेकर प्रत्येक वार्ड की मॉनिटरिंग के लिए नगर पालिका द्वारा कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। उनके द्वारा वार्ड की सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर वार्ड की सफाई में किसी भी प्रकार की कमी होने पर उसका तुरंत निस्तारण करवाया जाता है। प्रत्येक वार्ड में घर-घर कचरा संग्रहण के वाहन भी चलाए जा रहे हैं, इसके साथ ही सड़कों का कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर भी लगे हुए हैं, शहर में शौचालय की नि:शुल्क सफाई के लिए सेफ्टी टैंक भी लगाए गए है। बताया जाता है की जेसीबी के द्वारा नालों की सफाई भी करवाई जा रही है। सार्वजनिक शौचालय की भी प्रतिदिन धुलाई करवाई जा रही है।
*आमजन के सहयोग के बिना स्वच्छता असंभव*
किसी भी सार्वजनिक कार्य में सफलता प्राप्त करने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी होता है। सहयोग से ही सफलता प्राप्त होती है। वैसे निवाई स्वच्छता के मामले में हमेशा अग्रणी रहता है, यहां का प्रत्येक नागरिक जागरूक होने का संदेश देता है। सफाई निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति के द्वारा स्वच्छता के नियमों का पालन नहीं करने पर दूसरे व्यक्ति को उसकी गलती को नहीं दोहराना चाहिए, इससे भी शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका प्राप्त होती है। समाज के द्वारा भी लोगों को सड़क पर कचरा नहीं डालने की जागरूकता पैदा करनी चाहिए, यह अपना शहर है, इसको स्वच्छ रखना हम सब जिम्मेदारी है।
*सिंगल यूज प्लास्टिक का नहीं करें उपयोग*
पालिका द्वारा लोगों को बार-बार समझाया जा रहा है की सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें, इसकी जगह कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें, दुकानदारों को भी सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री नहीं करने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों द्वारा नियमों का पालन नहीं करने पर चालान काटकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*रेहडी वालों को भी करना होगा नियमों का पालन*
शहर में सब्जी एवं अन्य थडी ठेले वालों के लिए भी एक लाइन निर्धारित की गई है, उस लाइन का उल्लंघन करने पर उनका भी चालान काटकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि पहले तो इनको समझाइश करके ही नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। पालिका का उद्देश्य किसी को भी बेरोजगार करना नहीं है लेकिन रेहडी वालों को नियमों के अनुसार ही अपना कार्य करना होगा।
*सडक पर कचरा फेंकना पड़ सकता है भारी*
जानकारी के अनुसार मकान मालिक, दुकानदार व थडी ठेले वालों द्वारा सड़क पर कचरा डालने पर जुर्माना वसूल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण के लिए कचरा पात्र दिए गए हैं, उनमें संग्रहण करके कचरे को कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी में ही डालें। इसी प्रकार दुकानदारों एवं थड़ी ठेले वालों को भी कचरा संग्रहण पात्र में ही कचरा संग्रहण करना होगा। नगर पालिका का कचरा संग्रहण वाहन आने पर उसमें ही डालना होगा। उन्होंने बताया कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।