निवाई (लालचंद माली): राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बरथल तिराहे के समीप सांवरिया होटल के पास सरसों की बोरियों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें भरी सरसों की बोरियां सडक़ पर बिखर गईं। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि एक किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरसों की बोरियां भरकर निवाई मंडी में ला रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बरथल तिराहे के समीप टोंक की ओर से आ रहे एक डंपर की स्टेयरिंग फैल हो गई, जिससे वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकरा गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने तुरंत क्रेन की सहायता से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को सडक़ से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और लोगों ने सडक़ पर बिखरी सरसों को समेटने में मदद की। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
डंपर की स्टेयरिंग हुई फैल, असंतुलित होकर टकराया सरसों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से
By -
March 21, 2026
0
Tags: