निवाई (लालचंद माली): उप जिला अस्पताल में एक संदिग्ध महिला द्वारा मरीज के परिजनों को झांसे में लेकर जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। पीडित परिवार ने बताया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान एक अनजान महिला उनके पास आई और खुद को मददगार बताकर बातचीत करने लगी। महिला ने बच्चे की तबीयत को लेकर चिंता जताई और मां को जरूरी सामान लाने के लिए बाहर भेज दिया। मां के वार्ड से बाहर जाते ही महिला ने मौके का फायदा उठाया और बैग में रखे जेवर व नकदी लेकर फरार हो गई। घटना का पता तब चला जब महिला काफी देर तक वापस नहीं लौटी और परिवार ने अपना सामान देखा तो बैग से जेवर गायब मिले। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध महिला की गतिविधियां कैद हुई हैं, पुलिस फुटेज और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के परिजनों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नहीं करें और अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखें।
बीमार बेटे के परिजनों को झांसे में लेकर अस्पताल में संदिग्ध महिला ने पार किए जेवर
By -
March 28, 2026
0
Tags: