बीकानेर: संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने एसडीएम जिला अस्पताल बीकानेर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आयोजित आरएमआरएस की बैठक में भाग लिया तथा विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए। बैठक में अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार, रजिस्ट्रेशन काउंटर, प्रतीक्षालय एवं स्वागत द्वार के पुनर्निर्माण हेतु लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। यह कार्य मदनमोहन ट्रस्ट के सहयोग से किया जाएगा। संभागीय आयुक्त ने अस्पताल की आठ एकड़ भूमि के दानदाता एवं भवन निर्माण में योगदान देने वाले मदन मोहन ट्रस्ट तथा गिरधर दास मूंधड़ा परिवार की सराहना करते हुए उनके सामाजिक योगदान को अनुकरणीय बताया। आरएमआरएस बैठक में अस्पताल अधीक्षक डॉ.सुनील हर्ष ने अस्पताल के आय व्यय के साथ साथ विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ.रेखा आचार्य, उपनिदेशक डॉ.राहुल हर्ष, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ.घनश्याम, लेखाधिकारी दुष्यंत छींपा, अमित वशिष्ठ, सहायक अभियंता पीयूष एवं अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने अस्पताल में संचालित आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा प्रतिमाह इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं अपनी आभा आईडी बनवाई तथा ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर चर्म रोग विभाग में डॉ.राधेश्याम नाई से उपचार भी प्राप्त किया। उन्होंने लैब का निरीक्षण किया और अस्पताल में चल रही डिजिटलीकरण प्रक्रिया एवं आईएचएमएस पोर्टल की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए इसे आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। साथ ही, अगले कुछ महीनों में अस्पताल के शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण की योजना की सराहना की और इस प्रक्रिया में आवश्यक लॉजिस्टिक की खरीद के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी।
*रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने दो आभाआईडी काउंटर भेंट किए*
इस अवसर पर रोटरी रॉयल्स क्लब द्वारा निर्मित आभा आईडी काउंटर का लोकार्पण भी किया गया। रोटरी क्लब ऑफ रॉयल्स ने भारत सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में सहयोग हेतु अस्पताल को दो आभाआईडी काउंटर भेंट किए हैं और भविष्य में ओपीडी मे डॉक्टर्स डिजिटल डेस्क के लिए दस कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। रोटरी क्लब रॉयल्स की ओर से अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि रोटरी क्लब पिछले कई सालों से जिला अस्पताल में आमजन के लाभ के लिए सामाजिक सरोकार करवा रहा है। इसी कड़ी मे जिला अस्पताल के डिजिटलीकरण मे भी पूरा सहयोग देगा और इसहेतु आमजन मे जागरूकता भी बढाएगा। रोटेरियन आनंद आचार्य ने बताया कि बीकानेर में यह प्रोजेक्ट रोटरी क्लब के लिए नया प्रोजेक्ट है और यह सामाजिक सरोकारों मे मिसाल बनेगा। इस दौरान रोटरी क्लब से वरिष्ठ रोटेरियन पंकज पारीक, नितेश रंगा, विनय बिस्सा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।