बीकानेर: उप जिला अस्पताल लूनकरनसर के सभागार में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पुखराज साध की अध्यक्षता में खण्ड स्तरीय मासिक स्वास्थ्य मंथन बैठक का आयोजन किया गया। डॉ.साध ने सभी चिकित्सा अधिकारी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने चिकित्सा संस्थानों का दैनिक स्व-निरीक्षण अनिवार्य रूप से 'ओडीके ऐप' (ODK App) के माध्यम से करें। साथ ही, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) के सूचकांकों में कम प्रगति वाले संस्थानों को चिह्नित कर उन्हें तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश प्रदान किए गए।
*गुणवत्ता आश्वासन और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा*
बैठक में आरसीएच अधिकारी डॉ.भवानी शंकर गहलोत ने गर्भवती महिलाओं को एफसीएम (FCM) इंजेक्शन की सेवाएं देने और प्रभावी फॉलोअप के निर्देश दिए। डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ.योगेंद्र तनेजा ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत संस्थानों का प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने और परिवार कल्याण के लक्ष्यों में तेजी लाने को कहा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.सीएस मोदी ने सौ दिवसीय कार्यक्रम के तहत माइक्रो प्लान अनुसार कार्य करने और 'निःशुल्क जांच योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
*पोर्टल फीडिंग और मौसमी बीमारियों पर चर्चा*
खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विभय तंवर ने मौसमी बीमारियों, आईडीएसपी पोर्टल और आयुष्मान आरोग्य योजना की प्रगति की समीक्षा की। बीपीओ फारूक कोहरी द्वारा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल्स पर फीडिंग की स्थिति से अवगत करवाया गया। बैठक में ब्लॉक के समस्त चिकित्सा अधिकारी प्रभारी एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने हेतु पाबंद किया गया।