घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग व कालाबाजारी पर जिला रसद अधिकारी का बड़ा एक्शन

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों की अनुपालना में जयपुर शहर में घरेलू एवं व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध रिफिलिंग, भण्डारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा 03 विशेष प्रवर्तन दलों का गठन कर शहर में सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। इन दलों में प्रवर्तन अधिकारियों एवं निरीक्षकों को शामिल करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया।
कार्रवाइयों के दौरान कुल 118 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 03 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 02 उपकरण, 03 रिफिलिंग मोटर, 01 रेगुलेटर एवं 01 पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई प्रचलित है। उल्लेखनीय है कि जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम द्वारा जयपुर शहर में कार्यवाही हेतु तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया गया। दल 'ए" में सुश्री कविता शर्मा प्रवर्तन अधिकारी व श्रीमती सुनिता चौधरी प्रवर्तन निरीक्षक विशेष प्रवर्तन दल "बी" में श्रीमती पूजा शर्मा प्रवर्तन अधिकारी व श्रीमती विजयलक्ष्मी शर्मा प्रवर्तन अधिकारी एवं विशेष प्रवर्तन दल "सी" में श्रीमती निर्मला चौधरी प्रवर्तन अधिकारी व श्रीमती प्रिया गंगवानी प्रवर्तन निरीक्षक द्वारा जांच की गई।
पुलिस थाना खो-नागोरियान क्षेत्र में नारायण सिटी, जेएनयू हॉस्पिटल के पास संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 74 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 03 रिफिलिंग मोटर तथा 01 पिकअप वाहन जब्त किया गया। इसी प्रकार आगरा रोड स्थित गौरव बर्तन भंडार एवं जग्गा की ढाणी में दबिश के दौरान 22 गैस सिलेंडर एवं एक उपकरण जब्त किए गए। भांकरोटा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 08 गैस सिलेंडर, 01 कांटा एवं एक उपकरण जब्त किया गया, वहीं बिन्दायका क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 14 गैस सिलेंडर, 01 कांटा तथा 01 रेगुलेटर रबर पाइप सहित जब्त किया गया। उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग एवं काला बाजारी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर’ अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग, भण्डारण अथवा काला बाजारी से संबंधित सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!