कोटपूतली-बहरोड़ (सुनील दत्त शर्मा): जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए रात्रि चौपाल व जनसुनवाई के माध्यम से आमजन के बीच जाकर उनके परीवादों का संवेदनशीलता व गुणवत्ता के साथ समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाएं अधिकारीगण।
जिला कलक्टर ने गुरुवार को उपखंड नीमराणा की ग्राम पंचायत गुगल कोटा में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन के परिवाद सुनकर नियमानुसार मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल, रात्रि चौपाल व जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं के समयबद्ध व संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में पेयजल व विद्युत संबंधी परिवाद प्राप्त होने पर जिला कलक्टर ने पीएचईडी व विद्युत निगम के अधिकारियों को ग्रीष्म काल के मध्यनजर निर्बाध पेयजल व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न परिवादी सड़क, अतिक्रमण, सीमांकन, गिरदावरी, पुलिस, चिकित्सा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, पट्टा, शिक्षा, पेंशन की समस्याओं को लेकर पहुंचे। कलक्टर ने आमजन से संवाद करते हुए उन्हें जागरूक रहकर योजनाओं का लाभ लेने, साथ ही जिले के सभी नागरिकों को अधिकाधिक संख्या में जनसुनवाई व रात्रि चौपाल का लाभ लेने की अपील की है। इस दौरान एसडीएम महेंद्र सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में मौजूदा आमजन को विस्तार से जानकारी प्रदान की। रात्रि चौपाल के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।