जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): विदेश व्यापार महानिदेशक और फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री की ओर से ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें विदेश व्यापार महानिदेशक लव अग्रवाल ने कहा कि पूरी दुनिया में भारतीयों पर भरोसा बढ़ा है, इसका निर्यातकों को लाभ उठाना चाहिए। इसके लिए ब्रांड इंडिया को ग्लोबल मार्केट में मजबूत करना होगा। राजस्थान में केवल 4 जिले 52 प्रतिशत एक्सपोर्ट करते हैं। इसी तरह देश में भी 7- 8 राज्यों से ज्यादा एक्सपोर्ट होता है। हम निर्यातक और औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर प्रत्येक जिले से निर्यात और निर्यातकों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे है। केंद्र सरकार ने 9 देशों के साथ ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं, जल्दी ही जापान, नेपाल और सिंगापुर जैसे कई देशों के साथ भी ट्रेड एग्रीमेंट किए जाएंगे। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के मद्देनजर परिस्थितियों पर निगाह रखने के लिए केंद्र सरकार ने संबंधित मंत्रालयों का समूह बनाया है, जिसकी नियमित रूप से सुबह 10 बजे बैठक हो रही है। निर्यातकों को युद्ध के कारण माल की आवाजाही में परेशानी नहीं हो इसके लिए 3 सौ अंतर्राष्ट्रीय शिपिंग लाइन के साथ समन्वय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि हमें अफ्रीकी देशों पर फोकस करते हुए निर्यात नीति बनानी चाहिए, क्योंकि अफ्रीकी देशों में 5 से 30 प्रतिशत तक ही औद्योगिक उत्पादन होता है, बाकी सभी उपभोक्ता वस्तुओं के लिए अफ्रीकी देश आयात पर निर्भर हैं। फोर्टी लगातार नए वैश्विक बाजार तलाशने का प्रयास करता है। इसके लिए अप्रैल में फोर्टी का एक दल रूस की यात्रा पर भी जाएगा। सेमिनार में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन के डीजी सीईओ डॉ.अजय सहाय, जीजेईपीसी के रीजनल चेयरमैन योगेंद्र गर्ग, ईपीसीएच के पूर्व अध्यक्ष दिलीप बैद, विदेश व्यापार महानिदेशालय के संयुक्त महानिदेशक मोहम्मद मोईन अफाक के साथ जयपुर के विभिन्न सेक्टर से जुड़े निर्यातकों ने भाग लिया।
3/related/default