झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा शहीद परमवीर पीरू सिंह स्कूल खेल मैदान में आयोजित राज सखी राजीविका मेला-2026 का शुभारंभ 8 मार्च, रविवार को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। मेले का उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग करेंगे। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक रामनिवास ने बताया कि यह मेला 15 मार्च तक आयोजित होगा। मेले में जिले भर के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए 70 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाएं अपने हुनर से तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित कर उन्हें बाजार उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की पहल पर जिला प्रशासन एवं राजीविका के संयुक्त प्रयासों से जिले में पहली बार राज सखी राजीविका मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, परिधान, सजावटी सामग्री सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। मेले के दौरान प्रतिदिन सायं 6 बजे से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे मेले में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। मेला प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
3/related/default