झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने यूपीएससी परीक्षा परिणाम 2025 में 39वीं रैंक हासिल करने वाले जिले के प्रतिभाशाली युवा रोहिन जाखड़ को सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने रोहिन जाखड़ को माला पहनाकर एवं साफा बांधकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कलेक्टर ने कहा कि रोहिन जाखड़ की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
कलेक्टर डॉ.गर्ग ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए सदैव आमजन के हितों को सर्वोपरि रखना चाहिए और जरूरतमंद तथा समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, जिला कोषाधिकारी डॉ.सतीश खेदड़, एपीआरओ विकास चाहर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही रोहिन जाखड़ के पिता जयपाल जाखड़, माता प्रमोद देवी, छैलूराम खेदड़, रामेश्वर बाटड़, प्रीतम भी मौजूद रहे।