कोटपूतली-बहरोड़ (सुनील दत्त शर्मा): जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को कोटपूतली क्षेत्र के श्यामनगर स्थित झमिला वाली ढाणी में रसद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित गैस एजेंसी से 201 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। रसद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर 106 भरे हुए और 95 खाली कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। रसद अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया कि गैस पॉइंट पेट्रोलियम लिमिटेड कंपनी की एजेंसी "गुंजन गैस एजेंसी" नाम से संचालित यह एजेंसी गैस प्वाइंट पेट्रोलियम लिमिटेड कंपनी से जुड़ी बताई जा रही है, एजेंसी संचालक के पास आवश्यक दस्तावेज एवं रिकॉर्ड संधारण नहीं है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान प्रोपराइटर मदन सैनी मौके पर मौजूद मिला, उसने बताया कि एजेंसी का कोई अधिकृत गोदाम नहीं है और संचालन घर से ही किया जा रहा था। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा मानकों को अनदेखा करते हुए बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर खुले में रखे हुए पाए गए, जो गंभीर सुरक्षा लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि संचालक के पास लेटर ऑफ इंडेंट और PESO (Petroleum and Explosives Safety Organization) का लाइसेंस नहीं था, जो कि गैस भंडारण और वितरण के लिए अनिवार्य होता है। इस दौरान प्रवर्तन अधिकारी पुष्पेंद्र चौधरी और प्रवर्तन निरीक्षक विश्राम गुर्जर भी टीम के साथ मौजूद रहे। डीएसओ शशिशेखर शर्मा ने बताया कि एलपीजी को लेकर सरकार की सख्त गाइडलाइन हैं और बिना लाइसेंस इस तरह का भंडारण करना गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि जब्त सिलेंडरों पर कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला कलेक्टर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
*जिले में घरेलू गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: डीएसओ*
डीएसओ ने बताया कि घरेलू गैस आपूर्ति के संबंध में जिले में स्थिति एकदम सामान्य है, घरेलू गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, किसी प्रकराए पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है तथा गैस बुकिंग करवाने के 2-3 दिन के भीतर उपभोक्ता के घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी। जिला रसद अधिकारी ने कहा कि गैस आपूर्ति में परेशानी आने अथवा घरेलू गैस सिलेंडरों के संबंध में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के संबंध में उपभोक्ता तीन हेल्पलाइन नंबरों, क्रमशः 112, 14435, 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है। शिकायत प्राप्त होते ही प्रशासन त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा।