राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत 14 से 19 मार्च तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

AYUSH ANTIMA
By -
0


 बीकानेर: मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर इस वर्ष भी राजस्थान दिवस के अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जिले में 14 से 19 मार्च तक राजस्थान दिवस समारोह मनाया जाएगा। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर गत वर्ष पहली बार राजस्थान दिवस को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर मनाया गया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी राजस्थान दिवस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 14 मार्च को सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत होगी। 15 मार्च को ‘विकसित राजस्थान रन’ के साथ राजस्थान दिवस सप्ताह की शुरुआत होगी। इस अवसर पर रन के साथ 'राजस्थान को जाने' डिजिटल क्विज प्रतियोगिता तथा कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। विकसित राजस्थान रन के लिए जिला खेल अधिकारी, डिजिटल क्विज के पंजीकरण के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक तथा कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता के लिए सहायक निदेशक, कॉलेज शिक्षा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही ‘एक जिला, एक उत्पाद’ प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक को प्रभारी बनाया गया है। इसी श्रृंखला में 16 मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन होगा। 17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन राज्य स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के लिए जिला रोजगार अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी दिन राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य के नेतृत्व में ‘राजस्थान को जानें’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं शाम 5 बजे राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योगपतियों के साथ संवाद भी होगा। जिला कलेक्टर ने बताया कि 18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन भरतपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं शाम 5 बजे मंदिरों में आरती और दीपदान का आयोजन किया जाएगा। 19 मार्च को राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम जालौर में आयोजित किया जाएगा, जबकि जिला स्तरीय कार्यक्रम पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में आयोजित होगा। जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूर्ण गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्थान दिवस सप्ताह के आयोजनों को सफल बनाएं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!