डूंगर कॉलेज प्राचार्य ने किया निरीक्षण, एजेंसी को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर: सम्भाग के सबसे बड़े राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने बुधवार को महाविद्यालय परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। प्रो.पुरोहित ने इसी दिन महाविद्यालय की आंतरिक विकास समिति की आवश्यक बैठक भी आयोजित की। बैठक में विज्ञान भवन की मरम्मत कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के उद्देश्य से विज्ञान भवन के ऊपर स्थापित सोलर संयंत्र को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मरम्मत कार्य समय पर संपादित किया जा सके। प्राचार्य ने महाविद्यालय की भवन निर्माण समिति के सदस्यों को भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आगामी परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को गैलरी में बैठने की आवश्यकता न पड़े।
प्रो.पुरोहित ने परीक्षा समिति को निर्देशित किया कि परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था कक्षाओं में ही सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में विद्यार्थियों और कार्मिकों के लिए पेयजल एवं बिजली की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि मार्च माह में ही महाविद्यालय में नए जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए। आंतरिक विकास समिति की बैठक में प्रो.नरेन्द्र नाथ, प्रो.अन्नाराम शर्मा, प्रो.चन्द्रशेखर कच्छावा, डॉ.सुमित्रा चारण, प्रो.देवेश खण्डेलवाल, डॉ.विक्रमजीत, प्रो.योगेन्द्र सिंह, डॉ.सोनू शिवा तथा डॉ.अनिला पुरोहित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!