जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) द्वारा केंद्र के आम बजट पर समीक्षा बैठक की गई। इसमें अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, संरक्षक सुरजाराम मील, कार्यकारी अध्यक्ष पीडी गोयल, वुमन विंग अध्यक्ष नीलम मित्तल, अदिति खंडेलवाल, यूथ विंग अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, चीफ सेक्रेटरी गिरधारी खंडेलवाल, इंटरनेशनल ट्रेड कमेटी चेयरमैन मनीष अग्रवाल, वुमन विंग अध्यक्ष नीलम मित्तल, उपाध्यक्ष अदिति खंडेलवाल, सदस्य ईशा गोयल, अनीता खंडेलवाल ने भाग लिया। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल का कहना है कि यह बजट देश के समावेशी विकास के लिए लाया गया है। इसमें देश के विकास में चार शक्ति इंजन पर जोर दिया गया है। इनमें कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात के प्रोत्साहन पर सबसे ज्यादा फोकस किया गया है। मोदी सरकार 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। बेहतर क्रियान्वयन से इस लक्ष्य काे हासिल किया जा सकता है।
फोर्टी संरक्षक सुरजाराम मील का कहना है कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी, प्रगतिशील और दूरदर्शी बजट है। इसका मूल मंत्र सबका साथ-सबका विकास है। बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृषि, किसान और युवाओं के रोजगार को ध्यान में रखा है। फोर्टी वुमन विंग की अध्यक्ष नीलम मित्तल ने बताया कि बजट में महिला वित्त मंत्री ने महिलाओं की उम्मीदों को पूरा किया है। इसमें खास तौर से महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए 2 करोड़ तक ऋण, सभी 8 सौ जिलों में गर्ल्स हॉस्टल, महिला स्वयं सहायता समूह के लिए शी-मार्ट योजना की शानदार घोषणाएं शामिल की गई हैं। फोर्टी यूथ विंग अध्यक्ष सुनील अग्रवाल का कहना है कि मोदी सरकार के इस बजट को युवाओं को समर्पित माना जा सकता है। इसमें खासतौर से देश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट बढ़ाने, तकनीकी नवाचार पर फोकस किया गया है। स्टार्टअप के लिए 10 हजार करोड़ की नई फंडिंग से युवा इनोवेटर्स को प्रोत्साहन मिलेगा।