गांव की चौपाल

AYUSH ANTIMA
By -
0




गांव की चौपाल केवल बैठने की जगह नहीं होती। यह वह मंच है, जहां गांव की सोच और स्वाभिमान को स्वर मिलता है। इसी चौपाल पर जब किसी सैनिक का नाम लिया जाता है तो हर ग्रामीण का सीना अपने आप चौड़ा हो जाता है। 'सैनिक’ शब्द अपने आप में देशभक्ति से ओत-प्रोत एक विशिष्ट पहचान है। किसी भी राष्ट्र की मजबूती उसकी सीमाओं की खींची गई लकीरों से नहीं, बल्कि उन सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान से तय होती है। सैनिक केवल वर्दी पहनने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह निजी सुख, परिवार और आराम को पीछे छोड़कर राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोच्च मानने वाला साधक होता है। सैनिक हमारे गौरव हैं, समाज ने उन्हें सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा है और आगे भी देखता रहेगा। वे देश की सुरक्षा के ऐसे मजबूत स्तंभ हैं, जिन पर राष्ट्र की नींव टिकी हुई है।
जब किसी साधारण किसान या मजदूर के घर जन्मा बेटा सेना की वर्दी पहनता है, तो वह केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे गांव का मान बढ़ाता है। गांव की मिट्टी से निकला जवान जब देश की रक्षा में खड़ा होता है, तब चौपाल सिर्फ एक स्थान नहीं रह जाती—गांव का मन,मान और माटी प्रफुल्लित हो कर वह गर्व का प्रतीक बन जाती है। वही जवान जब बर्फीली चोटियों पर या तपते रेगिस्तान में हाथ में बंदूक थामे देश की रक्षा करता है, तो उसका साहस और शौर्य हर किसी के लिए काबिले-तारीफ बन जाता है। चौपाल की चर्चाओं में सैनिकों का अनुशासन, समय की पाबंदी, ईमानदारी और निष्ठा अक्सर मिसाल के रूप में सामने आते हैं। स्वाभिमान से जीना और जिम्मेदारी निभाना—ये मूल्य हमें अपने सैनिकों से ही सीखने को मिलते हैं। उनका देशभक्ति का जज़्बा यह सिखाता है कि देश पहले है, बाकी सब बाद में।
चौपाल पर जब शहीदों की चर्चा होती है, तो आंखें नम और स्वर गंभीर हो जाते हैं। यह मौन ही सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बन जाता है। ग्रामीण भारत के सीमित संसाधनों में पला-बढ़ा जवान जब देश के लिए प्राणों की बाज़ी लगाता है, तो वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और आदर्श बन जाता है। निस्संदेह, सीमा पर खड़ा जवान और चौपाल पर बैठा जागरूक ग्रामीण—दोनों मिलकर ही भारत की असली ताकत बनते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!