झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): स्थानीय मुकुंद सेवा सदन में खंडेलिया परिवार की ओर से आगामी रविवार, 1 मार्च से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियाँ जोर-शोर से जारी हैं।
*कलश यात्रा के साथ होगा भव्य शुभारंभ*
कथा संयोजक श्रीमती रिंकी पंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रमोद कुमार खंडेलिया परिवार द्वारा आयोजित इस ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार सुबह 9 बजे विशाल कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा मुकुंद सेवा सदन से प्रारंभ होकर कमल हाइट्स के सामने से एवं करुंडिया रोड होते हुए पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।
*कथा का समय एवं कार्यक्रम*
आयोजक प्रमोद खंडेलिया ने बताया कि कथा स्थल पर प्रतिदिन आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। प्रातः 5 बजे संकीर्तन एवं प्रार्थना सभा, तत्पश्चात प्रभात फेरी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। दोपहर 12:15 बजे से ख्याति प्राप्त कथा वाचक श्री हरि शरण जी महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा का वाचन प्रारंभ होगा, जो सायं 'हरि इच्छा' तक निरंतर चलेगा।
*धर्मप्रेमियों को आमंत्रण*
खंडेलिया परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अनुरोध किया है कि इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित होकर कथा श्रवण का लाभ उठाएं और भक्तिमय वातावरण को सफल बनाएं।