श्रीअन्न’ की समझें महत्ता, थाली में दें ‘मिलेट्स’ को स्थान: मेघवाल

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (प्रमोद आचार्य): केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सदियों से मोटा अनाज हमारे खान-पान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। देखा-देखी सहित कई अन्य कारणों से हम इससे दूर होते रहे, जिससे हमारा शरीर कई बीमारियों से ग्रसित हो गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोटे अनाज (मिलेट्स) को ‘श्रीअन्न’ की संज्ञा देते हुए इसके महत्त्व को घर-घर तक पहुंचाया है। हमें एक बार फिर इसकी महत्ता समझनी होगी और थाली में मोटे अनाज को स्थान देना होगा। उन्होंने कहा कि यह ‘आहार से उपचार’ की अवधारणा को साकार करने में सहायक है। मेघवाल ने बुधवार को सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज परिसर में आयोजित ‘ईट राइट मिलेट्स’ मेला के उद्घाटन समारोह के दौरान यह उद्गार व्यक्त किए। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय व स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेघवाल ने कहा कि बाजरा, मक्का, ज्वार, रागी आदि मोटे अनाज विटामिन और फाइबर से भरपूर हैं। यह हमारे शरीर की पोषण संबंधी सभी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के देश में भरपूर मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध है, लेकिन आज सही खान-पान की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों की बदौलत आमजन में जागरुकता आएगी।

*प्रभावित होती है रोग प्रतिरोधक क्षमता: वर्मा*

सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ.सुरेन्द वर्मा ने मिलेट्स में प्रभावी रोग प्रतिरोधक क्षमता होती है। इनका उपयोग स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पुखराज साध ने बताया कि जिले की नई फूड लैब जल्द ही बनकर तैयार होने वाली है। जहां आर्गेनिक उत्पादों का परीक्षण हो पाएगा। इससे पहले जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डाॅ.चंद्रशेखर मोदी ने स्वागत उद्बोधन दिया। 

*इनको किया सम्मानित*

प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी उर्मिला भादू ने मिलेट्स के महत्त्व के बारे में बताया। माने खां एंड टीम द्वारा कठपुतली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रीअन्न की जानकारी दी गई। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार, राकेश गोदारा व समस्त प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सहित विभागीय टीम को सम्मानित किया। मिलेट्स से संबंधित प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिनके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। 

*ये भी थे मौजूद*

इस दौरान श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पीबीएम अधीक्षक डाॅ.बीसी घीया, चम्पालाल गेदर, डाॅ.सत्यप्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत, नर्सिंग स्कूल प्राचार्य डॉ.अब्दुल वाहिद, बीएससी नर्सिंग प्रिंसिपल घनश्याम जांगिड़, आरसीएचओ डॉ.भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ.योगेंद्र तनेजा, डॉ.लोकेश गुप्ता, समस्त ब्लॉक सीएमओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राजकीय बीएससी नर्सिंग कॉलेज तथा जीएनएम स्कूल के विद्यार्थी आशा सहयोगिनियां और आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग अधिकारी महिपाल चौधरी व सुनील सेन ने किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!