निवाई (लालचंद सैनी): क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए असामाजिक तत्वों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया। घटना 13 फरवरी को शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार भाजपा अरनिया मंडल के कोषाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा पर कुछ परिचित व्यक्तियों एवं गुंडा तत्वों द्वारा लकड़ी, डंडों व पत्थरों से हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। हमले के दौरान राकेश कुमार शर्मा जिस गाड़ी में सवार थे, उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोपी मौके से सोने की चैन एवं नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से राकेश कुमार शर्मा की जान बचाई। इस दौरान घटनास्थल से राम प्रसाद शर्मा निवासी संग्रामपुरा को गिरफ्तार किया गया। जबकि केदार नारायण शर्मा निवासी गोविंदपुरा, पूरण मीणा एवं अन्य आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। उक्त घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।