जोधपुर (श्रीराम इंदौरिया): महात्मा गांधी हॉस्पिटल में उपचार के साथ-साथ मरीजों के विशेष खान-पान पर भी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बर्न मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रोटीन पाउडर एवं मिल्क का वितरण कर एक सराहनीय सेवा पहल की गई। जोधपुर की एस्ट्रोलॉजर डिंपल व्यास एवं राजीव गुप्ता ने वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं किचन विभाग प्रभारी श्रीमती तेजकँवर की प्रेरणा से यह सेवा कार्य सम्पन्न किया। इस अवसर पर प्लास्टिक सर्जन डॉ.रजनीश गाल्वा, फीमेल सर्जिकल वार्ड प्रभारी किरण रांकावत एवं बर्न वार्ड के नर्सिंग अधिकारियों व कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में मरीजों को प्रोटीन पाउडर भेंट किए गए। श्रीमती तेजकँवर ने सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दवाइयों के साथ यदि मरीजों को संतुलित एवं विशेष डाइट उपलब्ध कराई जाए तो उनके स्वास्थ्य में तीव्र सुधार संभव है। पूर्व में भी समाजसेवियों के सहयोग से समय-समय पर बर्न मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाती रही है तथा भविष्य में भी यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। इसी के साथ, थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों को प्रतिदिन हेल्पिंग पीपल ट्रस्ट के सहयोग से विशेष डाइट उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नियमित पोषण एवं परामर्श से थैलेसीमिया मरीजों को दीर्घकालिक राहत प्रदान की जा सकती है। अस्पताल अधीक्षक डॉ.फतेह सिंह भाटी के नेतृत्व में महात्मा गांधी हॉस्पिटल में दवाइयों के साथ-साथ भोजन व्यवस्था की भी विशेष निगरानी की जाती है। श्रीमती तेजकँवर राज्य सरकार की थैलेसीमिया कुटुम्ब योजना के अंतर्गत मरीजों एवं उनके परिजनों को समय-समय पर उचित मार्गदर्शन प्रदान कर सहायता करती हैं। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से राज्य सरकार की थैलेसीमिया योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अस्पताल प्रशासन सतत प्रयासरत है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समुचित उपचार के साथ पोषण एवं मानवीय संवेदनाओं का भी संबल मिल सके।
महात्मा गांधी हॉस्पिटल में उपचार के साथ विशेष पोषण पर विशेष ध्यान, थैलेसीमिया कुटुम्ब योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जारी
By -
February 26, 2026
0
Tags: