यह सर्वविदित है कि कोयला घोटाला मामले में सुनवाई करते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने कहा था कि सीबीआई एक तोता है, जो अपने मालिक की बोली बोलता है जो पिंजरे में बंद हैं तत्पश्चात् अरविंद केजरीवाल को जमानत देते हुए भी माननीय कोर्ट ने ऐसी ही टिप्पणी की थी कि सीबीआई को पिंजरे के तोते की धारणा से दूर रहना चाहिए। दिल्ली आप सरकार के शराब घोटाले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया व 23 आरोपियों को बरी कर दिया तो माननीय कोर्ट का उपरोक्त कथन सटीक बैठता है। कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि बिना ठोस सबूत के लगाए गये आरोपों पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा कि यदि आरोप गंभीर हो तो उसके समर्थन में पुख्ता सबूत भी होने चाहिए। अदालत ने कहा कि इस मामले में किसी भी आरोपित के खिलाफ प्रथमदृष्टया अपराधिक साजिश यदि अपराधिक मंशा साबित नहीं होती है। जांच एजैंसी ने साजिश का एक कथानक तैयार करने की कोशिश की लेकिन यह केवल अनुमान और अटकलों पर आधारित था।
विदित हो दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आप सरकार की नई आबकारी निति के क्रियान्वयन और नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक खामियों का हवाला देकर सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। तत्पश्चात् दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले मनीष सिसोदिया व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया, भाजपा की यह कार्रवाई आप सरकार की राजनीतिक हत्या के समान थी और चुनावों में भाजपा ने जीत के साथ दिल्ली में सरकार बना ली। भाजपा सरकार के गठन के बाद जांच एजेंसियों का तांडव देखने को मिल रहा है। अपने विरोधियों पर सीबीआई और ईडी की छापेमारी कर उनको भयभीत किया जा रहा है। अभी हाल ही में बसपा का एक विधायक, जो कैंसर से पीड़ित हैं और मौत से जूझ रहा है, उस पर इडी की छापेमारी इस बात का प्रमाण है। जो नेता भाजपा की वाशिंग मशीन से निकल जाता है, वह पाक साफ हो जाता है। अनेको उदाहरण है कि जो नेता विपक्ष में थे तो भाजपा उन पर भ्रष्टाचार को लेकर हमलावर थी और ज्यों ही उन्होंने भाजपा का दुपट्टा गले में डाला पाक साफ हो गये। विपक्ष हमेशा भाजपा पर हमलावर रही है कि जांच एजेंसियों का भय दिखाकर विपक्षी नेताओं को भाजपा में आने के लिए बाध्य किया जाता है। मनीष सिसोदिया व अरविंद केजरीवाल के बरी हो जाने से इस बात पर मुहर लगती है कि सीबीआई अभी भी सरकारी सोने के पिंजरे में कैद तोता है।