बीकानेर: जिले में पालनहार योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए लाभांवित हो रहे कुल 13 हजार 575 बच्चों का वार्षिक सत्यापन किया जाना है। अब तक इनमें से 12 हजार 445 का ही वार्षिक सत्यापन हुआ है। शेष 1 हजार 130 बच्चे वार्षिक सत्यापन से वंचित हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित पालनहार योजना में विभिन्न श्रेणी के बालक-बालिकाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें अनाथ बालक/बालिका, पेंशन प्राप्त कर रही तलाकशुदा/परित्यक्ता महिला के बच्चेे, पुनर्विवाहित विधवा माता के बच्चे, नाता जाने वाली माता के बच्चे, विशेष योग्यजन माता/पिता के बच्चे आदि सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इन श्रेणियों के बालक-बालिकाओं को परिवार के अन्दर समुचित देखरेख, संरक्षण एवं शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये प्रति माह आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने का प्रावधान किया गया है। पालनहार योजना के संचालन के लिए संशोधित नियम, 2022 के नियम 9 ऑनलाइन आवेदन एवं अनुदान प्रक्रिया के अनुसार आवेदक द्वारा स्वयं के जीवित होने एवं बालक-बालिकाओं के आंगनबाड़ी केन्द्र के पंजीकृत/विद्यालय में अध्ययनरत रहने का वार्षिक नवीनीकरण (सत्यापन) करवाना अनिवार्य है, जिससे कि समस्त पात्र पालनहार लाभार्थियों को विभाग की कल्याणकारी योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो सके, अतः शीघ्र पालनहार वार्षिक सत्यापन करवाऐं।
3/related/default