पैरा थ्रोबॉल नेशनल फेडरेशन कप कम ट्रायल चयन 2026 का भव्य समापन

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनू (श्रीराम इंदौरिया): सिंघानिया विश्वविद्यालय पचेरी बड़ी में 3 दिन से चल रहे और पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित पैरा थ्रोबॉल नेशनल फेडरेशन कप 2026 कम ट्रायल चयन (द्वितीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026 हेतु) का भव्य समापन समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम की शुरुआत माननीय अतिथियों द्वारा पौधारोपण के साथ की गई, तत्पश्चात सभी अतिथियों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री राजेश दहिया रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि झुंझुनूं जिले की पावन धरा पर पहली बार किसी राष्ट्रीय स्तर के पैरा खेल आयोजन का होना गर्व का विषय है। यहाँ से चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल का परिणाम चाहे कुछ भी हो, निराश नहीं होना चाहिए क्योंकि यहाँ तक पहुँचना ही अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। सभी पैरा खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार के नेतृत्व में विश्वविद्यालय को भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करते रहने हेतु शुभकामनाएँ दीं। विश्वविद्यालय के कैंपस डायरेक्टर प्रोफेसर पीएस जस्सल ने अपने स्वागत भाषण में सभी खिलाड़ियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजन जो कर सकते हैं, वह सामान्य लोगों से कहीं अधिक होता है। उन्होंने कहा कि विगत तीन दिनों से यह मंच देश के विभिन्न राज्यों से आए पैरा खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संकल्प शक्ति का साक्षी बना है।
विशेष अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जयपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विजेता कोई भी हो, सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस मंच पर आमंत्रित करने के लिए सिंघानिया परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया। अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती कमलेश सैनी, चेयरमैन नगर पालिका, नारनौल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि “दिव्यांगता शरीर में नहीं, बल्कि इरादों में होती है” और सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक श्रृंखला प्रस्तुत की गई। एनडीएसआईएस विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पैरा खिलाड़ियों के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक नाटिका प्रस्तुत की गई। साथ ही विद्यालय की छात्राओं द्वारा कालबेलिया नृत्य एवं हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। सिंघानिया विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा ‘अनेकता में एकता’ को दर्शाते हुए देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की भव्य प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई पुरुष एवं महिला टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं कौशल का परिचय दिया।
*प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम इस प्रकार रहे*
पुरुष वर्ग: प्रथम स्थान – आंध्र प्रदेश, द्वितीय स्थान – तेलंगाना, तृतीय स्थान –हरियाणा।
*महिला वर्ग*
प्रथम स्थान – झारखंड, द्वितीय स्थान – राजस्थान, तृतीय स्थान – तेलंगाना, 
*व्यक्तिगत पुरस्कार*
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (पुरुष) – बी. पवन कुमार (आंध्र प्रदेश), सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (महिला) – महिमा कुमारी (झारखंड)। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पैरा थ्रोबॉल सोसाइटी राजस्थान द्वारा इस सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ.संदीप नेहरा, निदेशक, नोबल एजुकेशन ग्रुप, देओलवास ने विजेता खिलाड़ियों को नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही शिक्षा विभाग से नरेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से पधारे अनेक गणमान्य व्यक्तियों—विकास दरोटा, अजय सैनी, सुश्री शीला कुमारी, विक्रम सिंह, विजय शर्मा, सुश्री कृष्णा कुमारी, सुश्री सुमन योगी, सीताराम शर्मा, देशराज शर्मा, कमल यादव एवं प्रदीप यादव—की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा कार्यक्रम के सभी प्रायोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में सिंघानिया संस्थान परिवार की सक्रिय सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय बना दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!