जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव प्रवाह 2026 के दूसरे दिन रचनात्मकता, खेलकूद और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत मेल देखने को मिला। दिन की शुरुआत साहित्यिक आयोजन काव्यांजलि से हुई, जहाँ कविताओं और शायरियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। “उठ अर्जुन धनुष की टंकार कर” जैसी रचनाओं पर सभागार तालियों से गूंज उठा। इस काव्य सभा में अंतर्राष्ट्रीय हास्य सम्राट कवि बुद्धि प्रकाश दाधीच, अंतर्राष्ट्रीय वीर रस कवि अशोक चारण, वीर रस रणदीप राहुल, हास्य रस कवि पारस, शायर विक्की चौधरी, श्रृंगार रस कवयित्री मुग्धा और निकिता चौधरी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दिन का प्रमुख आकर्षण "भागीरथ" भी रहा, जिसका उद्देश्य वंचित बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना था। इस पहल के अंतर्गत सखी बाल निकेतन स्कूल और सजल प्रखर स्कूल विद्यालयों के विद्यार्थी कार्यक्रम में पहुंचे। बच्चों ने इंटरएक्टिव खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। केक कटिंग, स्वादिष्ट भोजन और ताजे पेय पदार्थों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने बच्चों के लिए इस दिन को यादगार बना दिया। खेलों के महाकुंभ 'आवेग ' में खेल प्रतिस्पर्धा और जोश का संगम देखने को मिला। कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल और रस्साकस्सी जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का जोश देखने को मिला। इन प्रमुख आयोजनों के साथ-साथ कई तकनीकी और मज़ेदार प्रतियोगिताएं भी दिनभर आयोजित की गईं। टेक टॉक, कोडिंग लैंग्वेज, स्केवेंजर हंट, मर्डर मिस्ट्री, IEEE ई-सम्मिट, डिबेट, नोक द गेट, रोबो रश और बचपन की यादें जैसी प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को सुलझाने, रचनात्मकता और नवाचार को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
3/related/default