एसकेआइटी, जयपुर के वार्षिकोत्सव प्रवाह-2026 का उद्घाटन

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): हो जुनून इतना कि आसमान भी झुक जाए, चाहो किसी चीज को शिद्दत से इतना कि भगवान भी देने को मजबूर हो जाए। ये शब्द थे महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियन-2023 स्वीटी बूरा के, जिन्होंने स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज के वार्षिक उत्सव "प्रवाह 2026" के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। छात्रों को उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों के बारे में बताया और कहा कि हमेशा कर्म पर विश्वास रखे और अपने जुनून को बरकरार रखे तो सफलता जरूर मिलेगी। इस शुभ अवसर पर समारोह के चीफ गेस्ट प्रो.निमित रंजन चौधरी (वाइस चांसलर, आरटीयू, कोटा) भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रो.निमित रंजन चौधरी ने विद्यार्थियों को अपने सम्पूर्ण विकास पर केंद्रित रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद, तीन दिवसीय इंटर-कॉलेज स्पोर्ट्स फेस्ट 'आवेग-2026' का शुभारंभ हुआ। इस खेल महाकुम्भ में पूरे राज्य के 40 से अधिक कॉलेजों के छात्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। फेस्ट के पहले दिन बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, रस्साकशी, कबड्डी, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और फुटबॉल सहित कई खेल स्पर्धाएँ आयोजित की गई। स्पोर्ट्स फेस्ट का संचालन अजीत सिहाग, महेंद्र कुमार बेनीवाल, चंदन कुमार और अमृता भंडारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस भव्य उद्घाटन समारोह में चेयरमैन सूरजाराम मील, वाइस चेयरमैन अनिल बाफना, डायरेक्टर जयपाल मील, डायरेक्टर अकादमिक प्रो.एसएल सुराना, रजिस्ट्रार श्रीमती रचना मील, डीन प्रो.आरके जैन, प्रिंसिपल रमेश कुमार पचार एवं प्रवाह कन्वीनर डॉ.बीएल शर्मा उपस्थित रहे और उन्होंने अतिथियों व खिलाड़ियों का स्वागत किया।
वार्षिकोत्सव के प्रथम दिन आयोजित ​'उमंग' समारोह का सबसे भावुक और खास हिस्सा रहा, जो पूरी तरह से वृद्धाश्रम से आए वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित था। संस्थान में लगभग 30 वरिष्ठ अतिथियों का सप्रेम स्वागत किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए कई इंटरएक्टिव गेम्स और विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!