बीकानेर। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक शिक्षा की अलख जगाने वाले किसान नेता स्वर्गीय चौधरी हरजीराम जाखड़ की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। पश्चिम राजस्थान के कद्दावर जननेता रहे स्व. जाखड़ की पुण्यतिथि जिले के दर्जनों गांवों में मनाई गई।
चक 465 आरडी स्थित धान मंडी के सामने, वीर तेजा मंदिर छत्तरगढ़, पूगल व खाजूवाला की जाट धर्मशालाओं तथा लूणकरनसर के तेजा भवन में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान स्व. जाखड़ के गांव-ढाणी, किसान, पशुपालक और गरीब वर्ग के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
मुख्य कार्यक्रम छत्तरगढ़ के शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी स्टेडियम (507 हेड) में आयोजित हुआ, जहां स्व. चौ. हरजीराम जाखड़ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शैक्षणिक क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। उरमूल डेयरी के चेयरमैन नोपाराम जाखड़ ने बताया कि वर्ष 2025 में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक, स्नातक-स्नातकोत्तर, प्रशासनिक सेवाओं में चयनित विद्यार्थियों, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों तथा नीट, आईआईटी, एनआईटी, सीयूईटी, जेईई, क्लैट एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्स में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, मेजर जनरल विजय सिंह राठौड़, एआईसीटीई के पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ. एम.पी. पूनिया, चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक देवेंद्र चौधरी, छत्तरगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चेयरमैन हरिकिशन जोशी, कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व देहात भाजपा जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण झोरड़ ने सामूहिक रूप से कहा कि स्व. हरजीराम जाखड़ दूरदर्शी, निर्भीक और स्पष्टवादी नेता थे। उन्होंने अपने समय से आगे सोचते हुए शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाया और गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को जागरूक किया। वे बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग की आवाज बने और किसान-पशुपालकों के हितों के लिए जीवनभर संघर्ष करते रहे।
वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा से जोड़ना जरूरी है। जब गांव के बच्चे आगे बढ़ेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे, तभी स्व. जाखड़ का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष नंदराम जाखड़, सिंचाई विभाग के अभियंता रामसिंह शेरपुरा, सरपंच ब्रह्मदेव चोटिया, सरपंच मंसाराम सियाग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, सरपंच, पूर्व सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने स्व. हरजीराम जाखड़ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
हरजीराम जाखड़ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं और विद्यार्थियों को प्रेरित करना तथा उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना रहा। ट्रस्ट प्रतिनिधियों ने बताया कि स्व. हरजीराम जाखड़ की स्मृति में यह आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।