झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुडाना के रेबारी मोहल्ले में विधायक राजेंद्र भांबू की अनुशंसा पर जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित नवीन नलकूप का लोकार्पण किया गया। नलकूप के लोकार्पण से क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल सुविधा में उल्लेखनीय राहत मिलेगी। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने विधायक राजेंद्र भांबू का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें घोड़ी पर बैठाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया, जिससे उनके प्रति स्नेह, सम्मान एवं विश्वास का भाव प्रकट हुआ। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवीन नलकूप के निर्माण से रेबारी मोहल्ले में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। कार्यक्रम में पूनम नाथ, जयकरण, महिपाल, सुभाष, मुकेश पातुसरी, सुरेंद्र, रावताराम रेबारी, जठूरी रेबारी, हरफूल जांगिड़, पूर्व सरपंच दिलीप कृष्णिया, किशनाराम खोड़ा, बनवारी जांगिड़, मुकेश शर्मा, हाकम अली पठान, आज़ाद पठान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए विधायक राजेंद्र भांबू का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास हेतु उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की।
बुडाना में विधायक राजेंद्र भांबू ने नवीन नलकूप का किया लोकार्पण
By -
January 02, 2026
0
Tags: