निवाई (लालचंद सैनी): राष्ट्रभक्ति के गौरव के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण सामाजिक बदलाव के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला बाल संरक्षण इकाई, सिकोईडिकोन संस्था एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह मुक्ति रथ को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने रथ को रवाना करते हुए समाज को बाल विवाह रूपी बेडियों से मुक्त करने का आह्वान किया। सिकोईडिकोन संस्था से देवेंद्र कुमार जांगिड़, विमल कुमार बंडल, राजेंद्र कुमार, किरण शर्मा व ममता शर्मा ने रथ के माध्यम से गाँव-गाँव तक बाल विवाह मुक्ति का संदेश पहुँचाने का संकल्प लिया। सिकोईडिकोन संस्था से देवेंद्र कुमार जांगिड़ ने बताया कि यह रथ जिले के सुदूर क्षेत्रों में जन-जन को इस कुरीति के विरुद्ध एकजुट करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अतिथियों ने बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक नई उम्मीद जगाई।
3/related/default