नववर्ष के अवसर पर जयपुर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर। नववर्ष के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। नववर्ष के स्वागत में मंदिर परिसर में भक्तगणों का विशाल मेला लगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस विशेष अवसर पर ओम जिंदल में श्रीमती सरोज जिंदल द्वारा बाबा श्याम को 11 प्रकार के अलग-अलग गुड़ की पपड़ी एवं तिल की गजक का भव्य भोग अर्पित किया गया। भोग के साथ-साथ बाबा का दिव्य श्रृंगार दिल्ली से मंगाए गए विशेष पुष्पों से किया गया, जिसने मंदिर की शोभा को और भी बढ़ा दिया।

नववर्ष के स्वागत में मंदिर प्रांगण में भक्ति संगीत का आयोजन किया गया, जहां भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। बाबा के दरबार में भक्तों ने गुलाब के फूल अर्पित किए और इत्र की शीशी भेंट कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा से देश में अमन, चैन और शांति की कामना की।

मंदिर समिति की ओर से दर्शन, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

नववर्ष के इस पावन आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बाबा श्याम की कृपा से नया साल भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!