निवाई (लालचंद सैनी): उपखंड अधिकारी कार्यालय में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर एसडीएम प्रीति मीणा की अध्यक्षता में ब्लॉक के अधिकारियों व कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम प्रीति मीणा ने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अधिकारियों को गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की सभी व्यवस्थाओं को अन्तिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आने वाले सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। समारोह स्थल पर बिजली, छाया, पेयजल, वाहन पार्किंग व छात्र-छात्राओं व प्रतिभाओं के लिए बैठने की पुख्ता व्यवस्थाएं हो। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए माईक व मंच, लाउड स्पीकर व अतिथियों के लिए स्टेज की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों व प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के लिए स्मृति-चिन्ह व प्रमाण-पत्र की व्यवस्था करने, सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में लड्डूओं का वितरण करने व शारीरिक व्यायाम प्रदर्शन हेतु मैदान की साफ-सफाई करवाने सहित कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को सभी सरकारी कार्यालयों में 26 जनवरी को सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह स्थल पर कानून व्यवस्था व अनुशासन बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अधिशासी अधिकारी मनोहर लाल जाट, बिजली विभाग के सहायक अभियंता केसी माली, धनराज टाटावत, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश विजय, थानाधिकारी घासीराम मीणा व चित्रांस माथूर सहित बिजली, पालिका, चिकित्सा, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
3/related/default