निवाई (लालचंद सैनी): राजकीय महाविद्यालय निवाई एवं कन्या महाविद्यालय निवाई के संयुक्त तत्वावधान में नोडल प्राचार्य डॉ.मीनाक्षी बघेल की अध्यक्षता में राज्य महिला नीति के तहत ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता एवं महिला सहभागिता विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। अध्यक्षता कर रही नोडल प्राचार्य डॉ.मीनाक्षी बघेल ने बताया कि सशक्त महिला ही समृद्ध समाज की धूरी है। मुख्य वक्ता कन्या महाविद्यालय पीपलू के प्रोफेसर विकास नोटियाल ने ग्राम पंचायत में महिलाओं की सहभागिता पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि आधी आबादी जब ग्राम पंचायत के अपने दायित्वों को सजग होकर निर्वहन करेगी तभी सशक्त समाज का निर्माण होगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए कन्या प्राचार्य व महिला नीति प्रभारी डॉ.प्रीति जैन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे छोटी इकाई ग्राम पंचायत में महिलाओं की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। महाविद्यालय की महिला नीति संयोजक प्रोफेसर उषा बागड़ी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सभी संकाय सदस्य मौजूद थे।
3/related/default