आंशिक क्षतिग्रस्त स्कूलों के विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में निदेशक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा प्रदेश के आंशिक क्षतिग्रस्त विद्यालयों के सुरक्षित संचालन हेतु विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार जिले के कुल 29 विद्यालयों को चिह्नित करते हुए स्पष्ट किया गया है कि इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा एवं अध्ययन–अध्यापन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जहां किसी विद्यालय का भवन असुरक्षित अथवा अपर्याप्त है और नजदीक स्थित निर्देशित विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई सहज एवं सुगम रूप से संचालित हो सकती है, वहां अस्थायी संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि किसी भी विद्यालय को बंद या मर्ज नहीं किया जा रहा है। जैसे ही नए भवन का निर्माण अथवा क्षतिग्रस्त भवन की पूर्ण मरम्मत का कार्य पूर्ण होगा, विद्यालय को पुनः अपने मूल भवन में संचालित किया जाएगा। यह अस्थायी व्यवस्था केवल विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि जिन विद्यालयों में भवन आंशिक रूप से असुरक्षित है, लेकिन सुरक्षित कक्षा कक्ष उपलब्ध हैं, वहां उन्हीं सुरक्षित कक्षों में कक्षाएं संचालित की जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थी किसी भी स्थिति में असुरक्षित कक्षा कक्षों या भवन के जोखिमपूर्ण हिस्सों की ओर न जाएं। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ उनकी पढ़ाई भी बिना बाधा जारी रह सकेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!