चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): खेल के मैदान में चिड़ावा का एक और होनहार सितारा तेजी से उभरकर सामने आया है। कृष्ण प्रणामी स्कूल के प्रतिभावान छात्र विराट मिश्रा पुत्र रजनीकांत मिश्रा ने मार्शल आर्ट्स की विभिन्न विधाओं में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी है। विराट की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को उपखंड स्तर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। विराट ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन में मार्शल आर्ट्स की अलग-अलग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ताईक्वांडो में नेशनल/स्टेट स्तर पर शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। राजस्थान राज्य गतका चैंपियनशिप 2025-26 में राज्य स्तर पर दमदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
राजस्थान राज्य रैनबुकन कराटे प्रतियोगिता में कड़े मुकाबलों के बीच कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विराट की इस सफलता पर कृष्ण प्रणामी स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी कम उम्र में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना विराट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। विराट ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, कोच और विद्यालय के सहयोग को दिया। 26 जनवरी को होने वाले उपखंड स्तरीय सम्मान की खबर से परिवारजनों और शुभचिंतकों में उत्साह है। नगरवासियों को उम्मीद है कि विराट आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।