अलवर: नगर निगम के ठेकेदार द्वारा रोजाना सुबह के समय कचरे के ट्रक को बिना ढके ले जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह नजारा हनुमान चौराहे से बकतल की चौकी के बीच देखने को मिला, जहां खुले कचरा ट्रक के पीछे चल रही गाड़ियों पर कचरा उड़-उड़कर गिरता रहा। इससे न सिर्फ वाहन चालक परेशान हुए, बल्कि सड़क पर चल रहे राहगीरों के लिए भी स्थिति बेहद असुविधाजनक और खतरनाक बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक राहगीर कचरे के ट्रक के पीछे चल रहा था, तो ट्रक से उड़ता कचरा सीधे पीछे आ रही गाड़ियों के ऊपर गिर रहा था। इससे वाहन चालकों को मजबूरन गति धीमी करनी पड़ी और कई लोगों ने रास्ता बदलकर निकलना ही बेहतर समझा। खुले ट्रक से फैलती गंदगी से वातावरण भी दूषित हो रहा है। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये का ठेका दिए जाने के बावजूद ठेकेदार की इस लापरवाही ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के अनुसार कचरे को ढककर ले जाना अनिवार्य है, लेकिन इसका खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। ट्रक के पीछे चल रहे राहगीर विनोद जाखड़ ने बताया कि ठेकेदार द्वारा जिस तरह राहगीरों को परेशान किया जा रहा है, वह बेहद गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रहा, जिससे अधिकारियों और ठेकेदार के बीच मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। विनोद जाखड़ ने कहा कि यह समस्या रोज की है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। अब देखना यह है कि नगर निगम इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है।
ट्रक से उड़ता कचरा बना राहगीरों के लिए मुसीबत, नगर निगम की लापरवाही उजागर
By -
January 03, 2026
0
Tags: