झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ हेलमेट चेकिंग का सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। यातायात थाना प्रभारी टीआई राधेश्याम सांखला ने बताया कि अभियान के तहत रविवार को विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चला रहे 61 चालकों के चालान काटे गए। इसके अलावा सैकड़ों वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, गति सीमा का पालन करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में समझाइश दी गई। टीआई सांखला ने बताया कि हेलमेट न केवल कानूनन आवश्यक है, बल्कि यह दुर्घटना की स्थिति में जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन भी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही दुपहिया वाहन चलाएं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान तथा आगे भी नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
3/related/default