कोटा: वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय का 18वां दीक्षांत समारोह गुरूवार, 22 जनवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है। यह समारोह परिसर स्थित संत सुधासागर सभागार में संपन्न होगा। समारोह की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे करेंगे, वह 12 बजे खुला विश्वविद्यालय पहुँचेंगे। उप-मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा के अलावा पीडब्लूडी व महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ.मंजू बाघमार समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि नई दिल्ली की कुलपति प्रोफेसर उमा कांजीलाल दीक्षांत भाषण देंगी। विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर बीएल वर्मा ने बताया कि समारोह में दिसंबर 2023 और जून 2024 व दिसंबर 2024 की परीक्षाओं की उपाधियों के अलावा तीन पीएचडी की उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी। इनमें दिसंबर 2023 की कुल 24,619, जून 2024 की 26,932 तथा दिसंबर 2024 की 24,371 उपाधियां शामिल हैं। तीनों परीक्षाओं को मिलाकर कुल 75,925 उपाधियों का वितरण किया जाएगा। कुलगुरू प्रोफेसर बीएल वर्मा ने बताया कि विभिन्न विषयों में 90 टॉपर विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक भी प्रदान किया जाएगा। पूर्व की भांति चार विद्यार्थियों को कुलाधिपति पदक भी प्रदान किए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक प्रो.बी.अरूण कुमार ने बताया कि सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का संत सुधासागर सभागार में बुधवार को रिहर्सल का आयोजन किया गया। सभी उपाधि धारकों के रुकने की व्यवस्था भी विश्वविद्यालय द्वारा की गई है। सभी विद्यार्थियों को निर्धारित समय का ख्याल रखना होगा। समारोह में कई पूर्व व वर्तमान कुलगुरु भी शिरकत करेंगे।
*उप-मुख्यमंत्री डॉ.बैरवा व राज्यमंत्री डॉ.बाघमार होंगे विशिष्ट अतिथि*
राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा पीडब्लूडी व महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ.मंजू बाघमार भी समारोह की विशिष्ट अतिथि होंगी।
*प्रोफेसर उमा कांजीलाल देंगी दीक्षांत भाषण*
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की कुलपति प्रोफेसर उमा कांजीलाल समारोह में दीक्षांत भाषण देंगी। गौरतलब हो कि प्रोफेसर कांजीलाल को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा का काफी व्यापक अनुभव है।
*तीन विद्यार्थियों को मिलेगी पीएचडी की उपाधि*
विश्वविद्यालय के तीन शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से नवाजा जाएगा। इनमें सलोनी जैन को वाणिज्य में, फूलचंद मेघवाल को शिक्षाशास्त्र में तथा रूपम कुमारी को अर्थशास्त्र विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
*मारग्रेट, मीनाक्षी, निधि व अनुसूइया को चांसलर गोल्ड मेडल*
दिसंबर 2023 में एमबीए की परीक्षा में टॉपर विद्यार्थी मारग्रेट सूसन और जून 2024 की एमए शिक्षाशास्त्र की परीक्षा की टॉपर मीनाक्षी जायसवाल और दिसंबर 2024 की एमए हिंदी की परीक्षा में टॉपर निधि यादव व अनुसूइया चारण को कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
*अनीशा और गुरूत्व को विशेष पदक*
दिसंबर 2023 में बैचलर ऑफ जर्नलिस्म (बीजे) परीक्षा की टॉपर अनीशा सहारन तथा दिसंबर 2024 की बीजे परीक्षा के टॉपर गुरूत्व मालव को करूणा शंकर त्रिपाठी मेमोरियल स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।