भीलवाड़ा (श्रीराम इंदौरिया): प्रबंधन विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के प्रायोजन से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसका विषय “विकसित भारत @2047 के लिए सुदृढ़ प्रबंधन पद्धतियाँ” है।
सम्मेलन निदेशक डॉ.मुकेश शर्मा ने बताया कि इस सम्मेलन में देशभर से 300 से अधिक शोधार्थी, विद्यार्थी एवं शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। सम्मेलन संयोजक डॉ.संदीप चौरसिया ने जानकारी दी कि कार्यक्रम को 6 तकनीकी सत्रों में विभाजित किया गया है, ताकि प्रत्येक प्रतिनिधि को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.करुणेश सक्सेना ने इसे एक भव्य कार्यक्रम बताते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि आईसीएसएसआर ने सांगम विश्वविद्यालय को वित्तीय अनुदान देकर प्रोत्साहित किया है। सम्मेलन में देशभर से शिक्षाविद, शोधार्थी, उद्योग विशेषज्ञ, नीति-निर्माता एवं प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। बदलते वैश्विक परिदृश्य, डिजिटल परिवर्तन, आर्थिक अनिश्चितताओं और सामाजिक चुनौतियों के संदर्भ में सुदृढ़ प्रबंधन रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान शोध पत्र प्रस्तुतिकरण, तकनीकी सत्र और विचार-विमर्श के माध्यम से अकादमिक एवं व्यावहारिक ज्ञान का आदान-प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रो.वाइस चांसलर डॉ.मानस रंजन पाणिग्रही एवं कुल सचिव डॉ.आलोक कुमार ने आयोजन के लिए विभाग को बधाई दी।