चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): श्री श्याम नवयुवक मित्र मंडल, चिड़ावा की ओर से आयोजित 26वां तीन दिवसीय बसंत महोत्सव का शुभारंभ बुधवार, 21 जनवरी को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हो गया। महोत्सव की शुरुआत 551 निशानों की सामूहिक पूजा के साथ की गई।
महोत्सव को लेकर श्री महाकालेश्वर मंदिर एवं पुरानी बस्ती स्थित श्री श्याम मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मंदिर परिसर को भव्य पंडाल व आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया। मंडल पदाधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह 11:15 बजे 551 निशानों की सामूहिक पूजा संपन्न हुई। वहीं शाम 6:15 बजे विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें जयपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका सोनिया शर्मा एवं दिल्ली के कुमार प्रवीण अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।
*22 जनवरी को महिला मित्र मंडल द्वारा श्याम पाठ*
गुरुवार, 22 जनवरी को दोपहर 12:15 बजे महिला मित्र मंडल द्वारा श्याम पाठ का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 7:15 बजे भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा, जिसमें कोलकाता के कुमार गौरव पारीक भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। इसी दिन श्री श्याम प्रभु का 49वां मूर्ति स्थापना दिवस भी श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर बाबा का कोलकाता के विशेष फूलों से अलौकिक श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।
*विशाल निशान शोभायात्रा के साथ होगा समापन*
महोत्सव का समापन शुक्रवार को सुबह 9 बजे होगा, जब श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्री श्याम मंदिर तक विशाल निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में मुंबई-नासिका का नरेश ढोलक ग्रुप, बाहुबली हनुमान-गोरिल्ला झांकी, बंटी तिलकधारी एंड ग्रुप तथा रामू जी श्री महादेव आर्ट ग्रुप की आकर्षक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके साथ इलेक्ट्रिकल आतिशबाजी एवं 551 केसरिया निशान शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएंगे।
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।