बीकानेर।
लोकराग फाउंडेशन, रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स, डॉ. मोहम्मद आरिफ एवं गोमादेवी चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान हेतु गौरव स्तंभ सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि समाज को दिशा देने वाले बुजुर्गों के अनुभव और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना इस आयोजन का उद्देश्य है। कार्यक्रम में 51 बुजुर्ग महिलाओं एवं 51 बुजुर्ग पुरुषों को समान रूप से सम्मानित किया जाएगा।
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए जोड़ों के रोग, विशेषकर घुटनों की देखभाल पर विशेष व्याख्यान दिया जाएगा। साथ ही निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं बीएमडी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
लोकराग फाउंडेशन के योगेश खत्री के अनुसार सम्मान स्वरूप शॉल, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे। रोटरी रॉयल्स के सचिव विपिन लड्डा ने बताया कि कार्यक्रम रविवार, 25 जनवरी को पंचशती सर्किल स्थित रोटरी भवन में सुबह 11 बजे आयोजित होगा।
लोकराग फाउंडेशन के निदेशक विनय थानवी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों का चयन प्राप्त आवेदनों में आयु वरीयता के आधार पर किया जाएगा। अधिक आवेदन आने पर भविष्य में पुनः आयोजन भी किया जाएगा।